राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से हिमाचल प्रदेश में आई त्रासदी के बारे में विस्तृत चर्चा की।
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में टनल और पुल आधुनिक तकनीक से बनाए जाएंगे। सड़कों की मरम्मत भी जल्द होगी। बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री गडकरी के साथ प्रदेश की स्थिति को लेकर चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बताया कि आईआईटी रुड़की एवं अन्य संस्थाओं को हिमाचल के लिए कंसल्टेंट नियुक्त कर दिया गया है, जो टनल और पुलों के डिजाइन एवं री-डिजाइन का कार्य करेंगे।
विज्ञापन
आने वाले समय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की कार्यप्रणाली में बड़ा बदलाव आएगा। आधुनिक तकनीक अपनाते हुए हिमाचल में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा। हिमाचल में जिन सड़कों को नुकसान हुआ है उनको प्राथमिकता से ठीक किया जाएगा। मंडी जिले के पंडोह में भी एक टनल स्वीकृत की गई है, इसको लेकर जल्द ही काम शुरू होगा। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ने आश्वासन दिया है कि हिमाचल को लेकर केंद्र सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। आपदा प्रभावित इलाकों में एक-एक सड़क को युद्ध स्तर पर ठीक किया जाएगा। नड्डा ने बताया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के तहत प्रदेश को पहले चरण में 201 करोड़ का मैटीरियल बजट मंजूर कर दिया है। इस राशि से पंचायत स्तर पर मनरेगा के तहत लगने वाले डंगों, रास्तों, सड़कों के कामों में तेजी आएगी।