दिव्य खोसला के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘सनम रे’ में शिमला के हैपी शर्मा भी नजर आएंगे। फिल्म की स्टारकास्ट में ऋषि कपूर, यामी गौतम, पुलकित सम्राट और उर्वशी हैं। यामी गौतम और पुलकित सम्राट फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म की शूटिंग सबसे पुराने स्कूलों में से एक माने जाने वाले चेल्सी में की गई है। चेल्सी में बनाए सेट में हैपी शर्मा पर भी फिल्म कें कुछ शाट फिल्माए गए हैं।
सुन्नी क्षेत्र के थाची गांव के रहने वाले हैपी शर्मा ने बीएसएन स्कूल चक्कर से दसवीं की शिक्षा ली है। उसके बाद लालपानी स्कूल से जमा दो की। स्कूल टाइम से ही रंगमंच से जुडे़ हैं। ‘सनम रे’ से पहले हैपी ने धमाल, संडे तथा जुगाड़ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है। स्टार प्लस पर आने वाले धारावाहिक ‘एक घर बनाऊंगा’ में उन्होंने बच्चू मामा का किरदार निभाया है। वह मिरिंडा, एयरटेल, हिट सहित कई प्रोडक्ट के विज्ञापनों भी कर चुके हैं।
अमर उजाला से बातचीत में हैपी ने बताया कि ‘सनम रे’ में उन्होंने किरदार निभाया है। फिल्म की शूटिंग चल रही है। फिल्म में उनकी भूमिका के बारे में वह अभी नहीं बता सकते। फिल्म रिलीज होते ही लोगों को उनका एक अच्छा किरदार देखने को मिलेगा। फिल्म ‘सनम रे’ के लोकल कोआर्डिनेटर विशाल बहल ने बताया कि वीरवार को फिल्म यूनिट ने कल्पा की तरफ रुख किया है। कल्पा और रिकांगपिओ में फिल्म के शाट्स फिल्माए जाने हैं। शिमला में एक दिन की शूटिंग बाकी है। इसके लिए यूनिट दस जनवरी को पहुंचेगी।