हिमाचल कांग्रेस नेताओं वीरभद्र सिंह और सुखविंद्र सिंह सुक्खू के बीच जुबानी जंग कुछ थमी तो इसके बाद अब इन दोनों के समर्थक नेताओं में घमासान मच गया है। जहां सोमवार को पूर्व मंत्रियों समेत 11 कांग्रेस विधायकों ने सुक्खू पर जुबानी हमला बोला, वहीं मंगलवार को सुक्खू के समर्थन में आधा दर्जन विधायकों समेत कांग्रेस के चार प्रदेशाध्यक्ष भी आ गए। इनके अलावा पूर्व मंत्री और कुछ पूर्व विधायक भी सुक्खू के साथ खड़े हो गए हैं। कांग्रेस के इन नेताओें ने कहा है कि सुक्खू का कार्यकाल बेहतरीन रहा है और उन्होंने पार्टी को मजबूती दी है।
पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सूक्खू के समर्थन में पूर्व पार्टी प्रदेशाध्यक्ष विद्या स्टोक्स, विप्लव ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर, कुलदीप कुमार, पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार के अलावा छह विधायक रामलाल ठाकुर, हर्षवर्द्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, लखविंद्र राणा, सुंदर सिंह ठाकुर, सतपाल रायजादा, एआईसीसी सचिव राजेश धर्माणी, राकेश कालिया, पूर्व सीपीएस सोहन लाल, पूर्व विधायक अजय महाजन, किशोरी लाल, रवि ठाकुर और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भी सुक्खू के पक्ष में आ गए हैं।