स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और नर्सों की कमी जल्द पूरी होगी। सरकार जल्द चिकित्सकों के 200 और नर्सों के 700 पदों पर जल्द भर्ती करेगी। प्रदेश में रेडियोलॉजिस्ट की कमी दूर करने के लिए कुछ महीनों में मौजूदा एमबीबीएस चिकित्सकों के छह-छह बैच बनाकर उन्हें छह-छह हफ्ते के रिफ्रेशर कोर्स करवाए जाएंगे। इससे सिविल अस्पतालों में उपलब्ध अल्ट्रासाउंड समेत अन्य उपकरण भी संचालित किए जा सकेंगे।
भाजपा के ऑपरेशन लोट्स के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महज मीडिया में बने रहने के लिए भाजपा नेता इस तरह के शिगूफे छोड़ते रहते हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार मुस्तैदी से रात-दिन काम कर रही है। खराब वित्तीय स्थिति से गुजरने के बावजूद सरकार दस गारंटी योजनाओं को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। ओपीसी लागू हो चुकी है। महिलाओं को जल्द 1500-1500 रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री, मंत्री और नौकरशाह सभी गारंटियों और वायदों को पूरा करने में लगे हैं। प्रदेशभर में हर मुख्य अस्पताल के समीप हेलिपैड बनाए जा रहे हैं। हिमकेयर योजना जारी रहेगी। इसमें पांच लाख रुपये तक उपचार निशुल्क है।
बीच कार्यक्रम से उठ गए विधायक राणा
सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा हमीरपुर के स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यातिथि का संबोधन होने के बाद कार्यक्रम से चले गए। बताया जा रहा है कि राणा को कहीं दूसरे कार्यक्रम में जाना था। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक सुरेश, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, केसीसी बैंक के चेयरमैन कुलदीप पठानिया, पूर्व विधायक अनीता वर्मा समेत अन्य सभी कार्यक्रम के अंत तक मौजूद रहे। इससे पूर्व 25 जनवरी को हमीरपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुक्खू बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। उस दौरान भी राजेंद्र राणा को प्रथम पंक्ति के एक कोने में बैठाया गया था, जो बाद में काफी चर्चा का विषय बना। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान भी विधायक राजेंद्र राणा मुख्यमंत्री सुक्खू से नहीं मिले थे। तब उन्होंने बेटे की शादी की तैयारियां की व्यस्तता बताई थी। माना जा रहा है कि चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के बावजूद मंत्री पद न मिलने से राजेंद्र राणा अंदरखाते नाराज हैं।