चुनावी बेला में परिवहन मंत्री जीएस बाली ने नाचन विधानसभा क्षेत्र में घोषणाओं की झड़ी लगा दी। परिवहन निगम को अधिक हाइटेक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरों की तर्ज पर अब हर विस क्षेत्र में मुद्रिका बस दौड़ेंगी। उन्होंने एलान किया कि प्रदेश के सभी डिपो होल्डरों की कमीशन बढ़ाई जाएगी।
फूड गोदाम डिजिटल किए जाएंगे। इससे पूर्व उन्होंने नाचन विस क्षेत्र की चच्योट पंचायत में 4 करोड़ रुपये से बने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ किया। बाली ने कहा कि चच्योट आईटीआई के लिए सुबह और शाम मुद्रिका बस शुरू की जाएगी।
कहा कि अभिभावक बच्चों पर नजर रखें और शिक्षा की गुणवत्ता पर अभिभावक और अध्यापक संयुक्त रूप से ध्यान दें। मंत्री ने कहा कि बच्चे नशे की दलदल में धंसते जा रहे हैं। इस पर अंकुश लगाना समय की जरूरत है। अगस्त तक एचआरटीसी के कर्मचारियों की पेंशन अदा कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी भारत वर्ष में पहली गवर्नमेंट अंडर टेकिंग है, जो बेहतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बसों में स्कूली बच्चों के लिए मुफ्त पास चुनौती भरा कार्य था। इसे पूरा किया है।
इस दौरान मंडी संसदीय क्षेत्र के पूर्व युकां अध्यक्ष संजू डोगरा, युकां पूर्व महासचिव महेंद्र ठाकुर, सहकारी बैंक के चेयरमैन मंडी केशव नायक, चच्योट पंचायत उपप्रधान ओम प्रकाश नेगी आदि मौजूद रहे।