शीत मरुस्थल लाहौल-स्पीति की फिजाओं में इन दिनों सियासी पारा चरम पर है। इस बार इस जिले की राजनीति में भी उलटफेर हुआ है। कांग्रेस-भाजपा से टिकट न मिलने के बाद पूर्व मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने मुकाबला तिकोना बना दिया है। लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2022 में कांग्रेस से विधायक बने रवि ठाकुर अब भाजपा के टिकट पर उपचुनाव में उतरे हैं। कांग्रेस ने उन्हें टक्कर देने के लिए 31 वर्षीय अनुराधा राणा को चुनाव मैदान में उतारा है। अनुराधा राणा लाहौल-स्पीति जिला परिषद की अध्यक्ष भी हैं और पहली बार विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में हैं।
रवि ठाकुर इससे पहले चार बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। 1998 में वह निर्दलीय चुनाव लड़े थे और हार का सामना करना पड़ा था। उस दौरान हिविकां से प्रत्याशी डॉ. रामलाल मारकंडा चुनाव जीते थे, कांग्रेस से रघुवीर सिंह ठाकुर प्रत्याशी थे। 2012 के चुनाव में कांग्रेस से प्रत्याशी रहे रवि ठाकुर ने बीजेपी प्रत्याशी रामलाल मारकंडा को पराजित किया था। रवि ठाकुर को 10,187 और मारकंडा को 6,491 मत पड़े थे। 2017 के चुनाव में कांग्रेस के रवि ठाकुर को भाजपा के मारकंडा ने हराया था। 2022 के चुनाव में कांग्रेस से रवि ठाकुर की जीत हुई थी, उसमें उन्होंने भाजपा के मारकंडा और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सुदर्शन जस्पा को हराया था। रवि ठाकुर इस बार भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस की अनुराधा राणा और निर्दलीय उम्मीदवार रामलाल मारकंडा से होने जा रहा है। क्षेत्र में इस समय सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, सरकारी विभागों में खाली पद और सिंचाई की दिक्कतें मुख्य मुद्दे हैं।
अनुराधा राणा (कांग्रेस)
ताकत : युवा, ईमानदार, स्वच्छ छवि और जिला परिषद की अध्यक्ष।
चुनौती : सभी टिकटार्थियों को साथ लेकर चलना उनके लिए चुनौती है।
कमजोरी : टिकट में देरी से कम समय में हर एक मतदाता तक पहुंचना मुश्किल है। क्षेत्रफल में यह प्रदेश का सबसे बड़ा जिला है।
अवसर : लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र में अपने पैर को मजबूत करना, सीएम सुक्खू का करीबी और युवा प्रत्याशी होने के चलते जिले के विकास को प्राथमिकता देना।
क्या बोले प्रत्याशी
बदले की भावना से कोई काम नहीं किया जाएगा : अनुराधा
कांग्रेस प्रत्याशी अनुराधा राणा ने कहा कि वह धर्म, जाति के नाम नहीं, विकास के नाम पर राजनीति करेंगी। एक समान नजरिए से काम करेंगी और बदले की भावना से कोई काम नहीं किया जाएगा। युवा प्रत्याशी हूं और विकास को गति दी जाएगी। मेरा एक ही लक्ष्य है- निस्वार्थ भावना से जनता की सेवा करना।
सिंचाई की दिक्कतों को दूर किया जाएगा : रवि ठाकुर
भाजपा प्रत्याशी रवि ठाकुर ने कहा कि भाजपा में सभी वर्गों के हितों का एक सम्मान विकास किया जाता है। कांग्रेस में ऐसा नहीं है। यही वजह रही कि लाहौल-स्पीति की अनदेखी पर मैंने कांग्रेस को त्यागा है। लाहौल-स्पीति में सिंचाई के लिए जो भी दिक्कतें है, सबसे पहले उन्हें प्राथमिकता दूंगा।
जिले में पहले से अधिक विकास के कार्य करूंगा : रामलाल
निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा कि भाजपा ने उनके साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा-‘मैंने लाहौल-स्पीति जिला में अथाह विकास करवाया है। आज मुझे टिकट नहीं मिला, लेकिन मुझे विश्वास है कि जनता मेरे काम के नाम पर मुझे वोट देगी। जिले में पहले से अधिक विकास के कार्य करूंगा।’