सेब सीजन की तैयारियां पूरी, छह जगह स्थापित होंगे नियंत्रण कक्ष
वहीं, जिला में सेब सीजन के सुचारू संचालन और बागवानों को सुविधा मुहैया करवाने के मकसद से प्रशासन की सभी तैयारियां अंतिम चरण पर है। 15 जुलाई से 15 अक्तूबर तक सेब सीजन चलेगा। 15 अगस्त से 15 सितंबर तक सीजन पीक पर होगा। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए शहर के शोघी बैरियर से लेकर छराबड़ा तक 350 जवान सड़कों पर तैनात होंगे। ड्रोन के माध्यम से भी ट्रैफिक को सुचारू बनाया जाएगा। डीसी आदित्य नेगी ने बताया कि सेब सीजन की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से मुख्य नियंत्रण कक्ष फागू में स्थापित किया है।
सहायक नियंत्रण कक्ष शोघी, गिरिपुल, नारकंडा, फैडिज पुल, बलग तथा कुड्डू में स्थापित किए हैं, जो 15 जुलाई से क्रियान्वित किए जाएंगे। नियंत्रण कक्ष में आईडी कार्ड बनाने, पेटियों की गणना तथा धन एकत्र करने तथा गाड़ियों के आने जाने के आंकड़े दर्ज करने के लिए साॅफ्टवेयर की सहायता से कार्य किया जाएगा। भारी बारिश के कारण सड़कें अवरुद्ध ना हो और यातायात सुचारु रूप से चलता रहे इसके लिए लोक निर्माण विभाग को मशीनरियों को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।
शोघी से ट्रक वाया बड़ागांव होकर चलेंगे
सेब सीजन के दौरान शिमला शहर में आम लोगों को जाम से नहीं जूझना पड़े इसलिए पुलिस विभाग ने प्लान तैयार किया है। सेब के ट्रकों को बाईपास से ही भेजा जाएगा। टुटीकंडी बाईपास और ढली दोनों जगह पुलिस के नाके लगेंगे। यहां से कोई ट्रक आता भी है तो उसे वापस भेज दिया जाएगा। रात के समय शहर के कारोबारियों का सामान लेकर आने वाले ट्रकों की आवाजाही में कोई बदलाव नहीं होगा। शोघी से सभी ट्रकों को वाया बड़ागांव, मैहली होते हुए ढली भेजा जाएगा। एकसाथ ट्रकों को मंडियों में नहीं भेजा जाएगा। एक समय में कुछ गाड़ियों को मंडियों में भेजा जाएगा, जब यह अनलोड हो जाएगी तब दूसरी गाड़ियां भेजी जाएगी।
सेब सीजन में दुर्घटनाओं पर लगेगा अंकुश
सेब सीजन के दौरान दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता होगी। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एपीएमसी के साथ मिलकर जागरूकता शिविर लगाएंगे। इसमें वाहन चालकों के लिए मेडिकल कैंप सहित ट्रैफिक नियमों के बारे में अवगत करवाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक हर मंडी का निरीक्षण करेंगे। मंडियों के आसपास वाहन पार्क करने के लिए उचित स्थान उपलब्ध होंगे। एएसपी सुनील नेगी ने बताया कि सेब सीजन के लिए ट्रैफिक प्लान को अंतिम रूप दिया जा रहा है। फागू में कंट्रोल रूम 15 जुलाई से शुरू हो जाएगा। इसी दौरान यातायात व्यवस्था के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती भी कर दी जाएगी।