प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने घाईघाट स्कूल के प्रधानाचार्य और खंड शिक्षा अधिकारी धर्मपुर को जांच करने के लिए कहा है। वीरवार को रिपोर्ट भी मांगी है। वहीं, परिजनों ने सदर थाना सोलन में भी शिकायत पत्र सौंपा है। मामले में पुलिस की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के लिए पहुंची बच्चे की मां शोभा ठाकुर ने कहा कि उन्हें मंगलवार को स्कूल से फोन आया।
फोन पर कहा गया कि उनके चौथी कक्षा में पढ़ने वाले बेटे की पिटाई की गई है। इस कारण खून बहने लगा। इसके बाद वे स्कूल पहुंची, जहां बच्चों ने बताया कि शिक्षक ने लोहे के स्केल से भी पीटा। इससे सिर से खून बहने लगा। खून बहने से सिर को पानी से धोया। इसके बाद जब अध्यापक से पूछा तो उन्होंने खिड़की से चोट लगने के बारे में कहा। बच्चे की मां ने कहा कि इससे पहले भी बच्चे की अध्यापक पिटाई कर चुका है और स्कूल में आकर वे बात भी कर चुकी है, लेकिन अब फिर बच्चे को पीटा गया है।
घाईघाट स्कूल से बच्चे की अध्यापक की ओर से की गई पिटाई का मामला आया है। इसमें विभागीय जांच की जा रही है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घाईघाट के प्रधानाचार्य और खंड शिक्षा अधिकारी को जांच सौपी गई है। वीरवार को रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। -मोहिंदर चंद पिरटा, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक, सोलन