आईजीएमसी अस्पताल में पैरामेडिकल स्टाफ की शीतकालीन छुट्टियां सरकार ने बहाल कर दी है। अवकाश बंद होने पर कर्मचारी संघ बिफर पड़ा था। उन्होंने सरकार से मांग की थी कि पैरामेडिकल स्टाफ के साथ साथ डाक्टरों की छुटियां भी बंद कर दी जाए। अकेले पैरामेडिकल स्टाफ की छुटियां बंद करना न्याय संगत नहीं है।
आईजीएमसी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष और महासचिव हरिंद्र मेहता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मिला और उन्हें वास्तुस्थिति से अवगत करवाया। इसके बाद बंद की गई छुटियों को बहाल करने के निर्देश जारी किए गए।
कर्मचारी नेता एस एस जोगटा और हरिंद्र मेहता ने इसके लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार व्यक्त किया। कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा से कर्मचारी हितैषी रहे हैं। कर्मचारियों के हक को हमेशा प्राथमिकता देते हैं। बीते शुक्रवार को आईजीएमसी प्रबंधन को पैरामेडिकल स्टाफ की शीतकालीन छुट्टियां कैंसिल करने के निर्देश राज्य सरकार की ओर से दिए गए। छुट्टियां रद्द होने से पैरामेडिकल स्टाफ ने इस फैसले को गलत करार दिया।
कहा कि यह पैरामेड़िकल स्टाफ के साथ पक्षपात किया गया है। डाक्टरों की छुट्टियां रद्द नहीं की गईं केवल पैरामेडिकल स्टाफ के साथ अन्याय किया गया है। कालेज प्रबंधन की ओर से पैरामेडिकल स्टाफ को 22 दिसंबर से 30 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश पर जाने की मंजूरी दी गई थी।
यह अवकाश हर साल दिए जाते हैं। इस फैसले से शीतकालीन अवकाश की तैयारियों में जुटे कर्मचारियों से सारे कार्यक्रम रद्द हो गए थे। सरकार के फैसले से अब पैरामेडिकल स्टाफ के चेहरे खुशी से खिल उठे हैं।