मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि आईजी जहूर एच जैदी को निलंबित करके सरकार ने बहुत बड़ा संदेश दिया है। सीएम ने कहा कि इस बारे में बहुत ज्यादा टिप्पणी करना सही नहीं है। उनको जमानत मिली थी। इसके बाद तीन बार जैदी के निलंबन को आगे बढ़ाया गया। चौथी बार तकनीकी ग्राउंड पर निलंबन को खत्म किया जाता है।
सीएम जयराम ठाकुर ने वीरवार को शिमला में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि शिमला की पूर्व एसपी सौम्या पर फोन करके दबाव डालने की बात आई। इसमें उन्होंने लिखित रूप में सीबीआई कोर्ट में बयान दिया। सीबीआई ने अदालत का बयान उसी रूप में भेज दिया। उन्होंने इसे डीजीपी को भेजा और डीजीपी ने इसे सरकार को भेजा। ऐसे में सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है कि गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश उचित नहीं है। इस कार्रवाई से सरकार ने एक बहुत बड़ा संदेश दिया है। ऐसे उदाहरण कम ही देखने को मिलते हैं।