हंगरी का एमएस सीएसईपीईएल होल्डिंग ग्रुप और न्यू इंडिया एसराम और एमराम कंपनी हिमाचल में उद्योग लगाने को तैयार है। गुरुवार को कंपनी के अधिकारियों ने जिला ऊना और कांगड़ा में जमीन का निरीक्षण किया। दोनों कंपनियों के अधिकारी जमीन से संतुष्ट हैं। अब अधिकारी अपनी कंपनी के एमडी को रिपोर्ट सौंपेंगे। कंपनी के अधिकारी 17 जनवरी को भी हिमाचल में ही रहेंगे।
उद्योग विभाग के मुताबिक कंपनी के अधिकारियों ने पहले जिला ऊना के कंदरोड़ी और जीरकपुर उसके बाद जिला कांगड़ा के चनौर में जमीन देखी। उल्लेखनीय है कि कंपनी हिमाचल में 8000 इलेक्ट्रिक बसों के अलावा चार्जिंग स्टेशन, बैटरियां और स्पेयर पार्ट्स तैयार करेगी। कंपनी 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि कंपनियां हिमाचल में इन्वेस्ट करने को तैयार हैं। लगातार कंपनियां हिमाचल आकर उद्योग स्थापित करने के लिए संपर्क कर रही हैं। उन्होंने कहा कि उद्योग आने से हिमाचल के युवाओं को रोजगार मिलेगा।