उन्होंने चिंता जताई कि विभिन्न विभाग और संस्थान रासायनिक खेती को बढ़ावा दे रहे हैं, जबकि कंपनियों के रासायनिक उत्पाद प्रदूषण और वैश्विक उष्मीकरण के लिए जिम्मेदार हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पन बिजली परियोजना, कृषि और पर्यटन पर विचार मंथन के बाद जो सुझाव आएंगे उनका एक साझा दस्तावेज तैयार किया जाएगा। इसे हिमालयी राज्य साझे तौर पर उठाएंगे।
केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों ने दस साल तक स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशों पर कुछ नहीं किया। वर्तमान मोदी सरकार इस पर काम कर रही है। इसी का नतीजा है कि पीएम मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चैंपियंस ऑफ द अर्थ अवार्ड से नवाजा गया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गांवों में कृषि और कृषकों को बचाने के लिए गांव में ही रोजगार व उनके उत्पाद के उचित मूल्य देने पर ही गांवों का पलायन रुक सकता है।