हिमाचल प्रदेश के 21 लाख उपभोक्ताओं को शुक्रवार से सस्ती बिजली का तोहफा मिलने जा रहा है। 12 जून को हिमाचल प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने एक अगस्त से बिजली की दरें घटाने का आदेश जारी किया था।
राज्य विद्युत बोर्ड ने नया साफ्टवेयर तैयार कर लिया है। एक अगस्त से इस साफ्टवेयर को लागू कर दिया जाएगा, जिससे सितंबर माह से नए स्लैब के अनुसार उपभोक्ताओं को बिजली बिल मुहैया होगा।
औद्योगिक क्षेत्रों को भी मिलेगा फायदा
राज्य नियामक आयोग ने अपने फैसले में हर वर्ग को बिजली दरों में रियायत दी थी। जहां घरेलू उपभोक्ताओं के स्लैब बढ़ाकर राहत दी थी, वहीं प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी कमर्शियल दरों में कमी की गई थी।
इन दरों को लागू करने के लिए आयोग ने बोर्ड को नया साफ्टवेयर बनाने के लिए डेढ़ माह का समय दिया था। इस बीच बोर्ड की ओर से अपना साफ्टवेयर तैयार कर लिया गया है। एक अगस्त से घटी हुई बिजली की नई दरें हिमाचल प्रदेश में लागू हो जाएंगी।
विद्युत बोर्ड ने आयोग में की है याचिका
राज्य विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक पीसी नेगी ने बताया कि राज्य विद्युत बोर्ड ने नया साफ्टवेयर तैयार कर लिया है। एक अगस्त से नई दरों को लागू कर दिया जाएगा।
हालांकि दरें न घटाने के लिए बोर्ड की ओर से पिछले सप्ताह ही पुनर्विचार याचिका दाखिल की गई है। आयोग की ओर से अगर अपने फैसले में कोई बदलाव किया जाता है तो उसी के अनुसार आगे कदम उठाया जाएगा।