कालीबाड़ी सड़क को दुरुस्त करने के दिए निर्देश संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के बालूगंज स्थित पशु पड़ाव क्षेत्र में नगर निगम के कर्मचारियों के लिए जल्द आवासीय काॅलोनी का निर्माण शुरू हो सकता है। महापौर सुरेंद्र चौहान ने बुधवार को अधिकारियों के साथ मौके का दौरा कर निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम के पार्षद और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। उन्होंने कालीबाड़ी सड़क की मरम्मत करवाने के भी निर्देश दिए। महापौर ने अधिकारियों को जल्द काम शुरू करने की औपचारिकताएं पूरी करने को कहा। नगर निगम सब्जी मंडी में बने आवासों में रह रहे निगम के कर्मचारियों को यहां शिफ्ट करने की तैयारी कर रहा है। इसी साल बालूगंज में नए आवासों का काम पूरा करने का दावा किया जा रहा है। महापौर ने अधिकारियों के साथ कालीबाड़ी के पास बनी नगर निगम की पार्किंग का भी निरीक्षण किया। यह पार्किंग काफी समय पहले बन कर तैयार हो चुकी है लेकिन इसका इस्तेमाल नहीं हो रहा।
अधिकारी पार्किंग में बिजली के तार लटके होने का हवाला दे रहे हैं। महापौर ने बिजली बोर्ड में अधिकारियों को मौके पर बुलाकर तार हटाने के निर्देश दिए। नगर निगम के अधिकारियों को जल्द पार्किंग को शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान महापौर ने रिज से कालीबाड़ी मंदिर की सड़क का भी निरीक्षण किया। सड़क पर बरसात के दौरान दरारें आ गईं थीं। महापौर ने अधिकारियों को सड़क के बचाव के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।