शिक्षक और गैर शिक्षक श्रेणी के कर्मियों को मिलेगी सुविधा अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला ने शिक्षक और गैर शिक्षक श्रेणी के कर्मचारियों को वरिष्ठता के आधार पर सरकारी आवासों को आवंटित करने का फैसला लिया है। इसके लिए शिक्षक और गैर शिक्षक बुधवार से खुलने वाले यूनिवर्सिटी इंप्लाइज पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
पोर्टल 28 मई को खुलेगा जो 18 जून तक आवेदन के लिए खुला रहेगा। विवि के कुलसचिव ज्ञान सागर नेगी ने इसको लेकर जारी सर्कुलर में कहा है कि ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन स्वीकृत किए जाएंगे। शिक्षक और गैर शिक्षकों के तय तिथि तक किए जाने वाले आवेदनों की स्थापना शाखा वरिष्ठता को देखते हुए ऑनलाइन सत्यापित करेगा। कुलसचिव ने आवंटन से संबंधित किसी भी तरह की शिकायतों को दर्ज करने के लिए स्टाफ की जिम्मेदारी तय की है। ब्यूरो