वसंत पंचमी पर भगवान रघुनाथ 16 फरवरी को रथ में सवार होकर ऐतिहासिक ढालपुर मैदान पहुंचेंगे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर हजारों कारकूनों, हारियानों और देवलुओं के साथ भगवान रघुनाथ मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे के बाद पालकी में सवार होकर रथ मैदान पहुंचेंगे। यहां देवविधि के अनुसार भगवान रघुनाथ का रथ सजाया जाएगा। दो बजे के आसपास रथ ढालपुर स्थित उनके अस्थायी शिविर के लिए रवाना होगा। रथ को सैकड़ों श्रद्धालु खींचकर लाएंगे। इसके बाद इनके अस्थायी शिविर में पूजा-अर्चना होगी। इसके लिए रघुनाथ के कारकूनों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बसंत पंचमी पर ढालपुर मैदान में खूब गुलाल उड़ाया जाएगा।