30 जुलाई से पांच अगस्त तक रहेगा अवकाश का दूसरा चरण अमर उजाला ब्यूरो शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में प्रोफेसर चिकित्सक और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर अब दूसरे चरण में छुट्टी पर जाएंगे। दोनों अस्पतालों में वीरवार से दूसरे चरण के चिकित्सक अवकाश पर रहेंगे। बुधवार को पहले चरण में छुट्टी पर गए चिकित्सक वापस लौट आए हैं।
सभी चिकित्सकों के ड्यूटी पर आने से आईजीएमसी और चमियाना अस्पताल में मरीजों की काफी भीड़ देखने को मिली। मरीज ओपीडी के बाहर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। वहीं 30 जुलाई से पांच अगस्त तक आईजीएमसी के 126 और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना के 30 चिकित्सक छुट्टी पर रहेंगे। इससे मरीजों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए अन्य चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई है। चिकित्सकों के अवकाश पर जाने से सबसे अधिक परेशानी पहले से उपचार करवा रहे मरीजों को हो सकती है। छह अगस्त से मरीजों के लिए यूनिट के अनुसार चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।