हिमाचल प्रदेश के चंबा के वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल साच में एक छात्रा के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शिक्षा विभाग के निर्देश पर स्कूल को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। छात्रा के कोरोना पॉजिटिव आने से स्कूल में हड़कंप मच गया है। छात्रा के संपर्क में आए विद्यार्थियों को सात दिन तक होम आइसोलेशन में भेज दिया गया है। लक्षण दिखने पर स्वास्थ्य विभाग ने छात्रा का टेस्ट करवाया था। इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक देवेंद्र पॉल ने बताया कि स्कूल को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।
नघेता स्कूल के दो शिक्षक क्वारंटीन
वहीं सिरमौर जिले के ट्रांसगिरि इलाके के नघेता स्कूल का एक शिक्षक कोरोना पॉजिटिव निकला है। लिहाजा, स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक को 14 दिन के लिए क्वारंटीन पर घर भेज दिया है। वहीं, दूसरे शिक्षक के घर में पिता के कोरोना पॉजिटिव आने के चलते उसे प्राथमिक संपर्क में रहने के कारण 10 दिन के लिए घर भेज दिया है ताकि स्कूली बच्चों को संक्रमण के खतरे से बचाया जा सके। स्कूल के प्रधानाचार्य दलीप सिंह नेगी ने एक अध्यापक के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित अध्यापक को 14 दिन के लिए क्वारंटीन पर भेजा है। दूसरे शिक्षक के परिवार में कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने के बाद 10 दिन के लिए छुट्टी पर भेजा है। स्कूल में एहतियातन तौर पर सभी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
3195 स्वास्थ्य कर्मियों को लगा कोरोना टीका
उधर, कोरोना टीकाकरण कार्यक्रम के तहत प्रदेश में शुक्रवार को 3195 हेल्थ केयर वर्करों को टीका लगाया गया। वैक्सीन लगाने के लिए 4776 का टारगेट रखा था। राज्य में 67 फीसदी टीकाकरण हुआ। जिला चंबा में 316, हमीरपुर 186, कांगड़ा 835, बिलासपुर 217, कुल्लू 294, मंडी 265, शिमला 35, सिरमौर 101, सोलन 486 और ऊना में460 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया।