हिमाचल हाईकोर्ट में दायर मामले की सुनवाई कब होगी, केस का स्टेटस क्या है, केस में क्या ऑब्जेक्शन लगे हैं? इसकी जानकारी लेने के लिए अब वादियों और वकीलों को कोर्ट के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
इसकी जानकारी अब एसएमएस के माध्यम से मिल सकेगी। इसके लिए मुख्य न्यायाधीश मंसूर अहमद मीर ने हाईकोर्ट में एसएमएस से सूचनाएं अपडेट करने की सेवा लांच की है। बता दें कि हिमाचल हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार के आईटी विभाग से एसएमएस गेट वे तैयार करवाया है।
इस सेवा का लाभ उठाने के लिए हाईकोर्ट के वकीलों और याचिका दायर करने वाली पार्टियों को कोर्र्ट के केस मैनेजमेंट इन्फॉरमेशन सिस्टम में अपने मोबाइल नंबर को पंजीकृत करवाना होगा। याचिका दायर करते समय मोबाइल नंबर की जानकारी देनी होगी। पुराने दायर मामलों में मोबाइल नंबर पंजीकृत करवाने के लिए रजिस्ट्रार के पास लिखित में जानकारी देनी होगी।
मुख्य न्यायाधीश मंसूर अहमद मीर ने इस सेवा का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस सुविधा से कामकाज में भी तेजी आएगी। जानकारी प्राप्त करने के लिए ज्यूडिशियल ब्रांच के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। समय की बचत होगी। उन्होंने बताया कि शिमला को छोड़कर प्रदेश के दस जिला मुख्यालयों में सिविल एंड सेशन डिविजनों में यह सेवा पहले से दी जा रही है।