हिमाचल के गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की अटकलों के बीच अब फर्जी नियुक्ति पत्र देकर एयरपोर्ट में नौकरी देने वाला गिरोह भी सक्रिय हो गया है। गिरोह लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर लाखों रुपये गगल एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर वसूल रहा है। गगल एयरपोर्ट के निदेशक किशोर शर्मा ने बताया कि एक युवक उनके पास उनके फर्जी हस्ताक्षर युक्त फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर आया। इस दौरान युवक ने उन्हें नौकरी देने की बात कही।
वहीं जांच-पड़ताल में पाया गया कि युवक के पास जो नियुक्ति पत्र है, वह फर्जी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह किसी के बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि युवा ध्यान में रखें कि एयरपोर्ट पर हर नौकरी एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से ही निकाली जाती है, न की किसी व्यक्ति विशेष उनकी नियुक्तियां करता है। उन्होंने कहा कि लोगों को नौकरी संबंधी जानकारी एक बार एयरपोर्ट अथॉरिटी से जरूर लेनी चाहिए, ताकि वे ठगी का शिकार होने से बच सकें।