मंडी जिले में भारतीय स्टेट बैंक की सलापड़ शाखा में महिला की पांच लाख की दो एफडी पर फर्जीवाड़ा कर ऋण बनाने का मामला सामने आया है। एफडी का समय पूरा होने पर जब महिला राशि लेने बैंक पहुंची तो बैंक कर्मचारी ने एफडी पर ऋण होने की बात कही।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में भारतीय स्टेट बैंक की सलापड़ शाखा में महिला की पांच लाख की दो एफडी पर फर्जीवाड़ा कर ऋण बनाने का मामला सामने आया है। एफडी का समय पूरा होने पर जब महिला राशि लेने बैंक पहुंची तो बैंक कर्मचारी ने एफडी पर ऋण होने की बात कही। महिला का कहना है कि उन्होंने कोई ऋण ही नहीं लिया है। आरोप लगाया कि किसी और को ऋण जारी किया गया है। महिला की शिकायत पर थाना सुंदरनगर में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार थाना में दर्ज प्राथमिकी में डिंपल पुत्री लेखराम निवासी गांव और डाकघर सुदाहण ने कहा कि उन्होंने स्टेट बैंक की सलापड़ शाखा में दो लाख और एक तीन लाख रुपये की एफडी की थी। इनकी समय अवधि 10 नवंबर 2022 को पूरी हो गई थी। जब वह बैंक से एफडी की राशि का भुगतान लेने के लिए बैंक पहुंचीं तो बताया गया कि उनकी दोनों एफडी पर ऋण बना हुआ है। इस कारण उन्हें भुगतान नहीं हो सकता है। महिला का कहना है कि उन्होंने कोई ऋण नहीं लिया है। उनके साथ धोखाधड़ी हुई है। उधर, डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि महिला की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।