ओडिसा के भुवनेश्वर में बुक करवाना था होटल अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी शिमला के सेवानिवृत्त कर्मचारी से होटल में बुकिंग करवाने के नाम 83,500 रुपये की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक हमेंद्र लाल निवासी मातृ छाया चौड़ा मैदान ने पुलिस को शिकायत में बताया कि ओडिसा के भुवनेश्वर में 2 से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनकी पोती ने भाग लेना था। इसके लिए उनके परिवार को नौ दिन के लिए होटल में बुकिंग करवानी थी। इसके लिए उन्होंने गूगल पर सर्च करके एक होटल का नंबर हासिल किया। इस नंबर पर फोन करने पर नितिन कुमार नाम के शख्स ने खुद को होटल का बुकिंग मैनेजर बताया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें फोन पर होटल के कमरों की फोटो और अन्य सेवाओं के बारे में जानकारी दी। दोनों पक्षों में बातचीत के बाद नौ दिन के लिए होटल में दो कमरों की बुकिंग 83,500 रुपये में पक्की हुई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने 25,000 रुपये की राशि आरोपी की ओर से बताए अकाउंट नंबर पर डाल दी गई। कुछ घंटों के बाद आरोपी की ओर से दोबारा इन्हें फोन आया कि अगर वह पूरी पेमेंट कर देते हैं, तो उन्हें करीब 20 प्रतिशत का डिस्काउंट मिल जाएगा।
साइबर ठगी से अनजान उनके परिवार ने यह बात सुनकर पूरी राशि आरोपी के अकाउंट में डाल दी लेकिन इसके बाद आरोपी का फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद उन्होंने संबंधित बैंक में जांच करने पर पता चला कि यह अकाउंट होटल के नाम पर नहीं किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस स्टेशन बालूगंज में दर्ज करवाई। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।