केएनएच को आईजीएमसी शिफ्ट करने का विरोध पूर्व में गठित शिफ्ट करने को बता चुकी है गलत :
चौहान अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में शिफ्ट करने पर बनाई उच्च स्तरीय कमेटी का अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति ने विरोध किया है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि अभी मामला उच्च न्यायालय में लंबित है। सरकार की ओर से पूर्व में बनाई कमेटी ने माना है कि केएनएच से गायनी और प्रसूति विभाग शिफ्ट नहीं किया जा सकता है। आईजीएमसी में उचित स्थान न होने के कारण गायनी की ओपीडी उचित तरीके से नहीं चल पा रही है। इस समस्या के बारे में भी रिपोर्ट में जिक्र किया है। साथ ही एक जगह पर दोनों विभागों के होने के फायदों को भी बताया है। फिर भी सरकार की मनमानी जारी है अब रिपोर्ट के देने के बाद दूसरी उच्च स्तरीय टीम का गठन कर दिया है।
जनवादी महिला समिति की महासचिव फालमा चौहान ने कहा कि महिलाएं सरकार से पहले भी मांग कर चुकी हैं कि कमला नेहरू अस्पताल को शिफ्ट नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट नहीं कर पा रही है कि अस्पताल को क्यों शिफ्ट करना चाहती है। केवल रोबोटिक सर्जरी के नाम पर पूरे अस्पताल को तहस-नहस करने का कार्य किया जा रहा है। गायनी और प्रसूति को अलग कर दिया है। प्रशिक्षु चिकित्सकों तक की पढ़ाई बाधित कर दी है। आईजीएमसी में पहले ही भीड़ है, ऐसे में गायनी की ओपीडी शिफ्ट करना तर्कसंगत नहीं है। सरकार को अन्य कार्यों को छोड़कर केएनएच को तीसरे फेज का काम शुरू करवाना चाहिए।