किशन कपूर एक मधुरभाषी, मिलनसार और एक दूरदर्शी नेता थे: नड्डा
किशन कपूर 1970 में जनसंघ के सदस्य बने और 1980 में भाजपा के गठन के बाद 1982 में धर्मशाला मंडल के अध्यक्ष बने, 1990 में वह पहली बार विधायक बने और 1993 में दूसरी बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए। वे विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रहे तथा 1995-97 तक वे जिला कांगड़ा के अध्यक्ष भी रहे। किशन कपूर का परिवहन एवं कानून मंत्री तथा खाद्य आपूर्ति एवं शहरी विकास मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास कार्यों में अहम योगदान रहा है। 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में किशन कपूर ने कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और देशभर में रिकाॅर्ड मार्जिन से जीत दर्ज की थी। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि किशन कपूर एक मधुरभाषी, मिलनसार और एक दूरदर्शी नेता थे। उनसे उनका आत्मियता का नाता रहा है और विधानसभा में उनके साथ उन्हें काम करने का अवसर भी मिला था। उन्होनें किशन कपूर के निधन को व्यक्तिगत क्षति बताते हुए इसे एक अपूर्णीय क्षति बताया है।
इन नेताओं ने जताया शोक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डाॅ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेश्वर सिंह, सुरेश चंदेल, सुरेश भारद्वाज, सतपाल सिंह सत्ती, सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी, डाॅ0 सिकंदर कुमार, हर्ष महाजन, लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर, डाॅ राजीव भारद्वाज, कंगना रणौत, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं विधायक विपिन परमार, हमीरपुर संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं विधायक विक्रम ठाकुर, मंडी संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद्र ठाकुर, शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी एवं विधायक सुखराम चैधरी, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, बिहारी लाल शर्मा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। भाजपा नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संत्पत परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
किशन कपूर के निधन पर शांता ने जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद किशन कपूर के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि उनके साथ उनका निकट का संबंध रहा है। उनके निधन पर उन्हें जो दुख हुआ है, उसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। शांता कुमार ने दिवंगत नेता के परिवार के प्रति अपने गहरी संवेदना प्रकट की है और भगवान से प्रार्थना की है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।
प्रदेश के विकास कार्यों में कपूर का अहम योगदान : पठानिया
हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने पूर्व सांसद किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक जताया है। कहा कि कपूर भाजपा के कद्दावर नेता थे। वह पांच बार धर्मशाला निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा सदस्य रहे और वर्ष 1990 में पहली बार विधानसभा सदस्य चुने गए। पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार के परिवहन, कानून, खाद्य आपूर्ति एवं शहरी विकास मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास कार्यों में उनका अहम योगदान रहा है। पठानिया ने कहा कि गद्दी समुदाय के उत्थान में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार ने भी किशन कपूर के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री किशन कपूर के निधन पर शोक जताया
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व मंत्री किशन कपूर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। वह 73 वर्ष के थे। राज्यपाल ने कहा कि किशन कपूर जन समर्पित नेता थे और उन्होंने प्रदेश के लोगों के कल्याण व प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास और जन कल्याण के लिए कपूर ने बहुमूल्य योगदान दिया है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए किए गए उनके कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा। सुक्खू ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।