नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बजट-2025 प्रस्तुत कर विकसित, आत्मनिर्भर एवं हर क्षेत्र में श्रेष्ठ भारत का मार्ग प्रशस्त किया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट में किसान, गरीब, ग्रामीण, मध्यम वर्ग, महिला और बच्चों की शिक्षा, पोषण व स्वास्थ्य से लेकर स्टार्ट अप, नवाचार, निवेश सहित हर वर्ग एवं क्षेत्र के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इस दूरदर्शी, सराहनीय एवं स्वागत योग्य बजट प्रस्तुत करने के निए प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्रीएवं केंद्र सरकार का देवभूमि हिमाचल की ओर से हार्दिक आभार-अभिनंदन।
केंद्रीय बजट पर शिमला के वरिष्ठ नागरिक व पेंशनर्स ये बोले
केंद्रीय बजट पर शिमला के वरिष्ठ नागरिक व पेंशनर गुलाब ठाकुर ने कहा कि यह बजट बहुत अच्छा है। सबको राहत दी है। सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए राहत दी गई है। वरिष्ठ नागरिक एमएल शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों व मध्यम वर्ग के लिए टैक्स में बड़ी राहत दी गई है। इससे ज्यादा तो हम कुछ अपेक्षा भी नहीं कर सकते थे। इसकी मांग भी की गई थी। यह मोदी सरकार का सराहनीय कदम है।
सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के नवनिर्माण को दिशा देगा बजट : नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व हिमाचल से राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार का आम बजट सर्वजनहिताय एवं सर्वजन सुखाय के साथ ही ‘विकसित भारत’ निर्माण के संकल्प की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह आम बजट सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के नवनिर्माण को दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस बजट में महिला, मजदूर, गरीब, किसान, युवा, व्यापारी, कृषि, मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, उद्योग, निवेश और निर्यात समेत सभी क्षेत्रों का विशेष ध्यान रखा गया है। वह विकसित भारत की संकल्पना को चरितार्थ करते इस बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार प्रकट करते हैं और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एवं उनकी पूरी टीम को हार्दिक बधाई देते हैं।
नए टैक्स स्लैब से कर्मचारी, मध्यम वर्ग को मिलेगा बड़ा लाभ:
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पूर्व प्रांत महामंत्री डॉ. मामराज पुंडीर ने केंद्र सरकार की ओर से जारी बजट की सराहना करते हुए इसे कर्मचारी, मध्यम वर्ग के लिए बरदान माना है। डॉ. मामराज पुंडीर ने बजट में टैक्स स्लैब को 12.75 लाख तक करना देश के तीन करोड़ से ज्यादा कर्मचारी ओर 23 करोड़ मध्यम वर्ग को सीधा-सीधा लाभ पहुंचाने का काम किया है। केंद्रीय बजट में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए सरकार 10,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ेगी और 50,000 अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने का फैसला लिया है। डॉ. मामराज पुंडीर ने इस बजट को संतुलित और दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह बजट भारत को आत्मनिर्भर बनाने और विकास की गति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला है।