पूर्व केंद्रीय वाणिज्य मंत्री एवं राज्यसभा में उपनेता आनंद शर्मा ने कहा कि म्यांमार मामले में केंद्र की मोदी सरकार बड़बोलापन दिखाकर देश को परेशानी में डाल रही है। मोदी सरकार के मंत्री म्यांमार में आतंकियों को मारने के मामले में हद पार कर बयानबाजी कर रहे हैं। जो बयान सुरक्षा बल अधिकारी ने दिया था, सरकार को उसी तक सीमित रहना चाहिए था। म्यांमार की सरकार ने तो आतंकियों को मारने में सहयोग ही किया है।
उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में मुखियाओं के पद जानबूझकर खाली रखे गए हैं। हर विभाग में आरएसएस के लोगों को फिट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने तो योजनाओं के महज नाम ही बदले हैं। बहुत सी योजनाएं तो पुरानी चल रही हैं। आनंद शर्मा रविवार को राजीव भवन शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार सचमुच देश में बहुत बड़ा परिवर्तन लाने के प्रयास में होती तो यह तय था कि इसके बजट में भी यह बात झलकती। पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है।