प्रदेश के 1800 युवा क्लबों की जंगलों में लगी आग बुझाने में मदद ली जाएगी। सोमवार को निदेशक युवा सेवाएं एवं खेल राजेश शर्मा ने सभी जिला उपनिदेशकों को इस बाबत निर्देश दिए। राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी खेल परिसर में विभागीय कामकाज की समीक्षा करते हुए नवनियुक्त निदेशक ने कहा कि वन संपदा को बचाने के लिए वन विभाग का सहयोग करने का फैसला लिया गया है। निदेशक राजेश शर्मा ने बताया कि पर्यावरण जागरूकता एवं संरक्षण खेल विभाग का स्लोगन है।
इसके तहत ही युवा क्लबों का गठन किया गया है। हर युवा क्लब में 30 से 40 युवा शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि इन युवा क्लबों को आग बुझाने के यंत्र मुहैया करवाए जाएंगे। मंगलवार से यह युवा क्लब वन मंडल अधिकारियों से संपर्क कर काम शुरू कर देंगे। राजेश शर्मा ने बिलासपुर, सरस्वतीनगर और मंडी जिला में एथलेक्टिस ट्रैक के निर्माण के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए। खेल विभाग के निदेशक की ओर से बीते आठ वर्षों में पहली बार विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। बैठक में अतिरिक्त निदेशक हितेश आजाद भी मौजूद रहे।