वन मंत्री मंत्री राकेश पठानिया
- फोटो : अमर उजाला
वनों में होने वाली विभिन्न गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए प्रथम चरण में शिमला, धर्मशाला तथा मंडी में आधुनिक किस्म के तीन नए आईटी कंट्रोल रूम खोले जाएंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य जिलों में भी ऐसे आईटी कंट्रोल रूम स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे।
वन मंत्री मंत्री राकेश पठानिया ने मंगलवार को नूरपुर के मलकवाल से वर्चुअल माध्यम से वन विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक के बाद दी। मंत्री ने कहा कि वन विभाग की गतिविधियों को बढ़ाने तथा कार्यों पर निगरानी रखने के लिए विभाग के सूचना तंत्र को और अधिक सशक्त तथा अत्याधुनिक बनाया जाएगा। विभाग की ओर से एप बनाया जा रहा है।
फील्ड में तैनात विभागीय स्टाफ को जीपीएस के माध्यम से इससे जोड़ा जाएगा। वर्तमान में विभाग के पास 37 कार्यों की रूपरेखा है, जिसमें से 23 कार्यों को तैयार किया जा चुका है। प्रधान मुख्य अरण्यपाल डॉ. सविता ने कहा कि विभाग की ओर से कार्य शुरू किए गए हैं, उन्हें समयबद्ध पूरा किया जाएगा। डीएफओ विकल्प यादव और वन निगम के मंडलीय प्रबंधक संदीप कोहली भी इस दौरान मौजूद रहे।
नर्सरियों की देखरेख के लिए बनेगा अलग विंग
वन मंत्री ने बताया कि विभाग की ओर से वन नर्सरियों की उचित देखरेख और नई इकाइयां स्थापित करने के लिए तीन माह के भीतर एक अलग विंग बनाया जाएगा। इन नर्सरियों में नई किस्म के प्लांट तैयार कर विभागीय आमदनी को बढ़ाया जाएगा। नर्सरियों में पानी की उचित व्यवस्था करवाने के लिए स्टोरेज टैंक बनवाए जाएंगे।