रोहतांग दर्रे में बुधवार को पैदल आवाजाही करने वालों की संख्या बढ़ गई। इस सीजन में पहली बार 21 लोगों ने दो वाहनों में मनाली से लाहौल का रुख किया। ये गाड़ियां मनाली की तरफ से ब्यासनाला से पीछे चुंबक मोड़ तक पहुंची।
ब्यासनाला तक पहुंचे बीआरओ के काफिले से लाहौल की ओर पैदल आने वाले यात्रियों को राहत मिली है। टैक्सी संचालक रॉकी ने बताया कि बुधवार सुबह मौसम साफ होने पर दो वाहन मनाली से चुंबक मोड़ तक पहुंचे हैं। कहा कि इस सीजन में पहली बार एक साथ 21 लोगों ने रोहतांग दर्रा पार किया।
उधर, पथ परिवहन निगम केलांग डिपो ने बुधवार को केलांग से जिस्पा तक बस सेवा शुरू कर दी। लेकिन कोलोंग के आसपास सड़क पर पत्थर गिरने से बस जिस्पा नहीं पहुंच पाई। क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल मनेपा ने बताया कि सड़क से पत्थर हटते ही जिस्पा तक फिर बस सेवा शुरू की जाएगी।