प्रदेश के साढ़े अठारह लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अब एसएमएस से राशन की जानकारी मिलेगी। खाद्य आपूर्ति निगम ने इसके लिए साफ्टवेयर तैयार कर लिया है। लोगों को अपना फोन नंबर डिपो होल्डर को देना होगा। इसके बाद खाद्य आपूर्ति निगम खुद लोगों को राशन की जानकारी उपलब्ध कराएगा।
यहीं नहीं डिपो में कौन कौन सा राशन उपलब्ध है, उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी महीने के पहले सप्ताह में दी जाएगी। खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने प्रेसवार्ता में कहा कि लोगों को यह सुविधा फरवरी महीने से उपलब्ध कराना शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में तकनीकी शिक्षा में बेहतर सुधार आया है।
हिमाचल में 5 पॉलटेक्निकल कालेज खोले गए हैं। इसके अलावा 24 आईटीआई, 2 इंजीनियरिंग कालेज खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा को करीब 80 करोड़ का फायदा हुआ है। उन्होंने स्मार्ट सिटी को लेकर कहा कि स्मार्ट सिटी की फाइल मंत्रिमंडल में आने पर ही अपने सुझाव दिया जाएगा।
300 नई बसें खरीदेगा एचआरटीसी
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि पुरानी बसों को आक्शन करके परिवहन निगम 300 नई बसें खरीदने जा रहा है। इसमें 37 से लेकर 72 सीटर तक की बसें खरीदी जाएगी। छोटी बसों को ग्रामीण क्षेत्रों के रूटों पर चलाया जाएगा।
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा है कि परिवहन निगम के बेड़े से 10 साल पुरानी 612 बसें 30 अप्रैल, 2016 तक हटाई जाएगी। इसके अलावा 9 साल पुरानी करीब 40 बसें भी रोड ऑफ होगी।
कैबिनेट में जाएगी बाइक टैक्सी योजना
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में बाइक टैक्सी योजना के मॉडल को इस महीने होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इस साल बाइक टैक्सी योजना को शुरू कर दिया जाएगा।
प्रदेश पथ परिवहन निगम यात्रियों की सुविधा के लिए राज्य के चार शहरों में बाइक टैक्सियां चलाएगा। पहले चरण में शिमला, मनाली, धर्मशाला और डलहौजी में पायलट आधार पर इन्हें चलाया जाएगा।
प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मोबाइल फोन से टैक्सियां बुक हो सकेंगी। लोगों को घर द्वार पर सेवा देने और टैक्सी चालकों के कारोबार का दायरा विस्तृत करने के लिए परिवहन विभाग ने नई योजना तैयार की है।
7 लाख स्कूली छात्रों को मिलेगी वर्दी
इसके तहत एक मोबाइल एप्लीकेशन (एप) बनाया जाएगा। इसमें प्रदेश की सभी टैक्सियों का डाटा रखा जाएगा। जल्द ही परिवहन विभाग के अफसर इस योजना को लेकर प्रदेश की टैक्सी यूनियनों के साथ बैठक करेंगे। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने कहा कि प्रदेश
के सरकारी स्कूलों में पहले से 10 कक्षा तक के 7 लाख छात्रों को स्कूल वर्दी मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि स्कूल वर्दी आनी शुरू हो गई है, कई स्कूलों में वर्दी बंट चुकी है। उन्होंने कहा कि कमेटी अब दो साल के लिए वर्दी के टेंडर करेगी।
सैनिक वेलफेयर फंड में दिया जाए मैच का पैसा: बाली
प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री जीएस बाली ने कहा कि धर्मशाला स्टेडियम में होने वाले क्रिकेट मैच से अर्जित राशि सैनिक वेलफेयर फंड में दी जानी चाहिए, ताकि इसे सैनिकों के कल्याण में लगाया जा सके। इसके अलावा कुल राशि का बड़ा अमाउंट पठानकोट आतंकी हमले में शहीद दोनों शहीद परिवारों को दिया जाना चाहिए।
कहा कि उन्होंने शहीदों के घर का दौरा किया, इस दौरान लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ खासा आक्रोश नजर आया। शहीदों के दोनों परिवार धर्मशाला स्टेडियम से लगभग 25 किलोमीटर की दूरी में ही हैं। ऐसे में उन्हें राहत राशि मिलना सही ठीक होगा। परिवहन मंत्री बाली ने प्रेसवार्ता में अपने सुझाव में कहा कि बीसीसीआई को चाहिए कि धर्मशाला में होने वाले मैच से अर्जित राशि सैनिकों के उत्थान के लिए दी जाए।
मैच में आने वाला खर्चा काटकर शेष राशि सैनिक वेलफेयर फंड में दिया जाना चाहिए। कहा कि शहीद परिवारों के घर जाकर उन्होंने लोगों की भावनाओं को देखा है। प्रदेश सरकार ने शहीद परिवार को राहत राशि दी है, जबकि परिवहन निगम ने भी दोनों शहीद की पत्नियों को परिवहन निगम की बसों को हमेशा के लिए निशुल्क यात्रा देने का एलान किया है।