बता दें कि हॉल में 11 अप्रैल को शादी समारोह होना था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर खूब विवाद छिड़ गया था। बैठक में चर्चा के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उक्त बुकिंग सभा के नियमों एवं पंजीकृत सूूद सभा के उद्देश्यों के अनुरूप विधिवत की गई है, इसे रद्द नहीं किया जाएगा। हॉल प्रबंधन समिति ने यह भी संज्ञान लिया कि इस समारोह के आयोजकों द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया है कि शादी समारोह बालूगंज स्थित ईदगाह में संपन्न किया जाएगा। राम मंदिर हॉल में केवल शुद्ध शाकाहारी दावत ही तैयार की जाएगी। बुकिंग की सभी शर्तों का पूर्णत: पालन किया जाएगा।
सभा के अध्यक्ष राजीव सूद ने कहा कि उपरोक्त आश्वासनों के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया कि सभा हॉल एवं गैलरी में दावत निर्धारित कार्यक्रमानुसार होगी। इसकी निगरानी के लिए सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सभी नियमों का पालन एवं मर्यादा बनी रहे। उन्होंने कहा कि सूूद सभा कानूनसम्मत कार्यप्रणाली, सामाजिक सौहार्द एवं अपने सांविधानिक सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इस बैठक में सूद सभा शिमला अध्यक्ष राजीव सूद, मुकुल सूद, संगीता सूद, आशा सूद, दीपक सूद, संजय सूद, अनीता सूद, विक्रम सूद, विक्रम भागड़ा और पंकज सूद मौजूद रहे। गौरतलब है कि हिंदू संघर्ष समिति ने इस निकाह समारोह का विरोध किया था और सभा को इसे रद्द करने का ज्ञापन दिया था।