विक्ट्री टनल के पास रेलवे की जमीन पर बनना है फ्लाईओवर
मंत्री भारद्वाज ने केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष उठाया था मामला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के कार्टरोड पर विक्ट्री टनल के पास बनने वाले फ्लाईओवर के लिए शनिवार को रेलवे के अधिकारी लोक निर्माण विभाग, स्मार्ट सिटी और नगर निगम के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण करेंगे। इसमें देखा जाएगा कि रेलवे की कुल कितनी जमीन का इस्तेमाल फ्लाईओवर बनाने के लिए होगा।
इस सड़क पर यातायात जाम खत्म करने के लिए यहां फ्लाईओवर बनाने की योजना है। लेकिन रेलवे की जमीन होने के कारण लोक निर्माण विभाग इसका काम शुरू नहीं कर पा रहा। इसी मामले को शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष उठाया था। बैठक के बाद रेलवे के अधिकारी मौके का निरीक्षण करने आ रहे हैं।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि उनके शिमला पहुंचने से पहले ही रेलवे के अधिकारी मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट देंगे। यहां करीब 230 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनना है। फ्लाईओवर बनने से विक्ट्री टनल पर सुबह शाम लगने वाला यातायात जाम खत्म हो जाएगा। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि विक्ट्री टनल के पास सड़क चौड़ी करने के साथ फ्लाईओवर का निर्माण जल्द शुरू करवाया जाएगा। इसके लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे की टीम शनिवार को निरीक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को देगी जिसके बाद इसके निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है। स्मार्ट सिटी प्रबंधन से पहले ही इस प्रोजेक्ट को प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है। लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण करेगा।