दवा बनाने वाली पांच कंपनियों के सैंपल फेल हुए है। इसमें बीबीएन की तीन दवा कंपनियां हैं। बद्दी में गले व छाती के इंफेक्शन तथा एंटीबायोटिक दवाइयों के सैंपल फेल हुए हैं। ड्रग कंट्रोलर ने इन सभी कंपनियों को नोटिस जारी करके उस बैच की दवाई को बाजार से दवाई उठाने के निर्देश जारी किए हैं।
औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ की यूनाइटेट बायोटेक कंपनी में तैयार होने वाली रोक्सीटेक दवाई का चेन्नई में सैंपल लिया गया। जो निर्धारित मानकों पर सही नहीं उतरा है। बद्दी की भटोली कलां स्थित जीजी न्यूटिशयंज कंपनी में तैयार होने वाली एंटीबायोटिक दवा के सैंपल भी गाजियाबाद में फेल हुए हैं।
इसके अलावा बद्दी की गलफा लैबोट्रीज कंपनी में तैयार होने वाली ओडी जोक्स दवाई के सैंपल भी असम में फेल हुए हैं। यहां के ड्रग कंट्रोलर ने इसका सैंपल लिया था। बद्दी के अलावा ऊना की एक कंपनी में तैयार होने वाली सिरोलिमस टेबलेट व सिरमौर की इसकोन रेमडीज कंपनी में तैयार होने वाली दवाइयों के सैंपल भी फेल हुए हैं।
इन दवाइयों के सैंपल मानकों के आधार पर सही नहीं पाए गए हैं। ड्रग कंट्रोलर नवनीत मरवाह ने सैंपल फेल होने की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने सभी पांचों कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं। इन सभी कंपनियों से इस बैच की दवाई बाजार से उठाने के भी निर्देश जारी किए हैं।