पुलिस को दिए बयान में राजेश कुमार निवासी गांव बाडा बैहल, डाकघर बैहल, तहसील श्री नयना देवी जी बिलासपुर ने बताया कि बैहल बाजार में इलेक्ट्रीशियन की दुकान करता है। मंगलवार रात को अपने भाई का इंतजार बैहल में कर रहा था। इसी बीच गोल्डी निवासी गांव कौडावाली, हैप्पी निवासी गांव बैहल, हैप्पी निवासी गांव सिम्बरवाला, डाकघर कोटला, तहसील श्री आनंदपुर साहिब, जिला रोपड़ पंजाब और सोनू निवासी झिंझडियां, तहसील श्री आनंदपुर साहिब, रोपड़, पंजाब उसके पास आए। उनके साथ एक अन्य व्यक्ति था। उन्होंने पूछा कि क्यों खड़ा है। बताया कि भाई का इंतजार कर रहा हूं। इस पर सोनू ने थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सभी ने मारपीट की। फिर सभी भाग गए। वह भी बैहल स्थित चाचा के घर चला गया और उन्हें घटना के बारे बताया।
रात करीब 9:00 बजे चाचा के बेटे शुभम, लखविंद्र, रविंद्र कुमार और राकेश कुमार उसे छोड़ने के लिए बैहल अड्डा पहुंचे तो वह पांचों व्यक्ति अपने अन्य साथियों के साथ आए और अचानक उन पर हमला कर दिया। इसी बीच हैप्पी ने तीन राउंड फायर किए। इसमें से एक गोली चाचा के बेटे राकेश कुमार की पीठ पर लगी। एम्स के बाद राकेश को इलाज के लिए पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
आरोपियों को पकड़ने के लिए छह टीमें लगाई गई हैं। आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त होंगे। पांच आरोपियों की पहचान की गई है। मामले और भी आरोपी शामिल होंगे तो उन्हें भी जल्द पकड़ा जाएगा- शिव चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर