नवबहार चौक की घटना, दोनों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर
पुलिस कर्मी के वर्दी के बटन टूटे, दोनों को आईं चोटें
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नवबहार के समीप गाड़ी ओवरटेक करने से रोकने पर वाहन चालक पुलिस कर्मी से उलझ गया और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। इस मारपीट में दोनों को चोटें आईं हैं, वहीं पुलिस कर्मी की वर्दी के बटन भी टूट गए हैं। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर क्रॉस एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में पुलिस जवान ने बताया कि वह जाखू संपर्क रोड के समीप नवबहार में यातायात ड्यूटी पर तैनात था। रविवार दोपहर करीब 12:00 बजे एक कार नवबहार की तरफ से अन्य गाड़ियों को ओवरटेक करते हुए आई। जब चालक को वाहन रोकने का इशारा किया, तो उसने वाहन रोका, लेकिन किनारे नहीं किया। इस वजह से मार्ग पर जाम लग गया। इस बात को लेकर दोनों में बहस हो गई और चालक ने गाड़ी से उतरकर मारपीट की। इस वजह से गर्दन के पास चोट आई है। वहीं हाथापाई के दौरान वर्दी के बटन भी टूट गए। चालक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और पुलिस अधिकारी के काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, शिकायत चालक ने बताया कि नवबहार चौक पर कांस्टेबल रमन ठाकुर ने उसकी कार रोकी और दुर्व्यवहार किया। इससे मामला हाथापाई में बदल गया। इससे उसे और पुलिस कर्मी को चोटें आई हैं।