14 से 20 अप्रैल तक परवाणू में चलेगा जागरुकता अभियान
उद्योगों को भी कच्चा और तैयार माल रखने की दी जाएगी जानकारी
आग से बचाव और सावधानियों के बारे में किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू(सोलन)। गर्मी में आगजनी की घटनाओं की आशंका के चलते स्थानीय अग्निशमन विभाग सतर्क हो गया है। इसके तहत विभाग 14 से 20 अप्रैल तक फायर सेफ्टी सप्ताह मनाने जा रहा है। वहीं फायर सीजन को लेकर अग्निशमन विभाग के जवानों की छुट्टियों पर भी रोक लगा दी है। सिर्फ आपातकाल के दौरान ही छुट्टी दी जाएगी।
14 अप्रैल से विभाग की ओर से स्थानीय उद्योगों में मॉकड्रिक के साथ कामगारों को आग से निपटने, बचाव के प्रति जानकारी प्रदान की जाएगी। सप्ताह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में भी विशेष जागरुकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत उद्योगों में कच्चे माल और उत्पादित माल के रखरखाब, सुरक्षित मार्ग की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, आगजनी की स्थिति में बचाव के उपाय, विद्युत अग्नि सुरक्षा और सावधानियों की जानकारी प्रदान की जाएगी। परवाणू अग्निशमन विभाग के फायर ऑफिसर टेक चंद ने बताया कि दिन प्रतिदिन तापमान बढ़ने से फायर सीजन शुरू हो गया है। इसके चलते 14 से 20 तक फायर सेफ्टी सप्ताह मनाया जाएगा। इस सप्ताह के दौरान जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को जंगल में आग व इससे होने वाली हानियों के बारे में शिक्षित किया जाएगा।