कानम पंचायत के मंदिर में भड़की आग
- फोटो : संवाद
किन्नौर जिले की कानम पंचायत के लोचा लाबरंग बौद्ध मंदिर में देर रात अचानक आग लग गई। इस घटना में मंदिर के दो मंजिला भवन को लाखों रुपये की क्षति पहुंची है। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे एक हजार साल पुराने मंदिर में रखी मूर्तियों और अन्य सामान को बचाया जा सका। पुलिस आग के कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों ने सरकार और जिला प्रशासन से मंदिर के निर्माण के लिए मदद की गुहार है। गौर हो कि सोमवार सुबह करीब दो बजे पूह खंड की कानम पंचायत के लोचा लाबरंग बौद्ध मंदिर में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि घटना के समय गांव में लोसर पर्व चल रहा था। इस वजह से ग्रामीण सोए हुए नहीं थे। गांव के अमृत कुमार नेगी ने सबसे पहले मंदिर में आग लगते हुए देखा और इसकी सूचना गांव के लोगों को दी। ग्रामीण सूचना मिलते ही पानी और मिट्टी के सहारे आग बुझाने के प्रयास में जुट गए।
कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में दोमंजिला मंदिर भवन में लगी लकड़ी जल गई। इस अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। कानम पंचायत प्रधान कीर्ति नेगी और उपप्रधान जसवंत सिंह नेगी ने बताया कि बौद्ध मंदिर के भीतर रखी गई एक हजार साल पुरानी मूर्तियों को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची है। उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से भवन के नवनिर्माण के लिए मदद की मांग की है। डीएसपी किन्नौर नवीन जाल्टा ने बताया कि बौद्ध मंदिर कानम में साथ लगते घास के स्टोर से यह आग फैली है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही एडीएम पूह कुलवंत सिंह पोटन ने राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंदिर भवन को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आकलन कर रिपोर्ट सरकार और जिला प्रशासन को कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।