कैलाश विहार में मशीन की चिंगारी से विनर निपो लेदर फैक्टरी में आग लग गई। मामला हिमाचल के सोलन जिले के बद्दी का है। घटना के वक्त चार कर्मचारी मशीन पर काम कर रहे थे। तीन कर्मचारियों ने भागकर जान बचाई जबकि यूपी सीतापुर के विनोद (24) लपटों में झुलस गए।
विनोद को पीएचसी बद्दी पहुंचाया गया, जहां इनकी हालत खतरे से बाहर है। कंपनी संचालकों ने दावा किया है कि आग से करोड़ों का नुकसान हुआ है। दो विदेशी मशीनों समेत स्टोर में रखा कच्चा माल पूरी तरह राख हो चुका है। बताया जा रहा है कि एक उपकरण से केमिकल रिस रहा था।
मशीन से निकली चिंगारी केमिकल पर जा गिरी, जिससे आग भड़क गई। आसपास रखे केमिकल से भरे ड्रमों ने भी आग पकड़ ली। धमाके होने लगे। देखते ही देखते आग पूरी फैक्टरी में फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं लेकिन तब तक आग बेकाबू हो गई थी।
परवाणू, सोलन, कालका, नालागढ़ से भी अतिरिक्त गाड़ियां मंगाई गईं। काफी मशक्कत कर सवा छह घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। फायर ऑफिसर किशोर कुमार ने कहा कि केमिकल रिसाव के कारण आग बेकाबू हो गई। फैक्टरी में सुबह की शिफ्ट में कर्मचारियों की संख्या कम थी।
हादसा दोपहर में होता तो स्थिति भयावह हो सकती थी। उन्होंने अंदेशा जताया कि मशीन से केमिकल रिसाव की वजह से ही आग लगी होगी। कंपनी के पास आग से निपटने के पूरे इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। कंपनी के अधिकारी अभी तक फायर एनओसी प्रस्तुत नहीं कर पाए हैं। पुलिस भी मामले की छानबीन कर रही है।