जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह उपमंडल के लालसा से रामपुर की ओर परिवहन निगम की बस एचपी 06ए 6202 आ रही थी। सुबह 11:30 बजे जब बस अपर डकोलढ़ की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास पहुंची, तो बस के इंजन में अचानक आग भड़क गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस में बैठी सवारियों को बाहर निकलने को कहा। घटना के वक्त बस में कुल 38 सवारियां बैठी थीं, जो आनन-फानन में बस से बाहर की ओर भागीं। बस के इंजन से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को कबाड़ में तबदील कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग रामपुर को सूचित किया गया, लेकिन जब तक अग्निशमन विभाग का दल मौके पर पहुंचता आग ने पूरी बस को जला डाला था। अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाया। मौके पर परिवहन निगम, पुलिस और स्थानीय लोग इकट्ठे हो गए। आग किन कारणों से लगी थी, अब इसकी जांच परिवहन निगम का निरीक्षण दल करेगा। यही दल घटना में हुए नुकसान की भी रिपोर्ट तैयार करेगा। बहरहाल, अब परिवहन निगम प्रबंधन बस को हटाने की तैयारी कर रहा है। आए दिन जिस तरह से वाहनों में आग लगने की घटनाएं पेश आ रही हैं, उनसे लोगों में डर का माहौल बन रहा है।
आग लगने से रामपुर डिपो की बस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बस में सवार सभी सवारियां सुरक्षित हैं। आग किन कारणों से लगी है, निगम का निरीक्षण दल इसकी जांच करेगा। - -अतुल गुप्ता, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम रामपुर
कालका-शिमला हाईवे पर रबौण में कार और बस की टक्कर
कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर रबोन के समीप एक बस और कार की टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। कार सोलन की ओर आ रही थी कि अचानक बस तेजी से आई और कार के बीचोंबीच टक्कर हो गई। इस कारण कार, बस और डिवाइडर के बीच फस गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई की है।
छोगटाली में शॉर्ट सर्किट से पूर्व प्रधान की कार जलकर राख
वहीं राजगढ़ की ग्राम पंचायत छोगटाली के पूर्व प्रधान की सड़क पर खड़ी कार शॉर्ट सर्किट के कारण जल गई। शमोगा निवासी पूर्व प्रधान आशा प्रकाश की कार नंबर एचपी16 8777 उनके बेटे ने मंगलवार रात करीब नौ बजे दीदग में सड़क के किनारे पार्क की और वह गांव में मेहमान चला गया। बुधवार सुबह करीब दो बजे कार में अचानक आग लग गई। सड़क के ऊपर रह रहे नेपाली परिवार ने सबसे पहले आग को देखा। उन्होंने अन्य लोगों को सूचना दी तो काफी लोग एकत्रित हुए और पानी डालकर आग को बुझाया, जिससे कार का पिछला हिस्सा व पैट्रोल की टंकी जलने से बच गई। आशा प्रकाश ने बताया कि कार के नुकसान के साथ उनके बेटे की सोने की एक चेन जोकि कार की डेशबोर्ड में रखी थी, वह भी जल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब आग लगनी शुरू हुई तो कार का हार्न बज रहा था। इसलिए लगता है कि आग शाॅर्ट सर्किट से ही लगी है। डीएसपी वीसी नेगी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है।