फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu Hotel Fire: कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के कसोल में होटल में लगी आग, शिमला के बनूटी में दुकानें जलकर राख

Tue, 21 Oct 2025 11:04 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, कुल्लू

सार

Kullu Hotel Fire: हिमाचल के कुल्लू के मणिकर्ण घाटी के कसोल में होटल में दिवाली की रात आग लग गई। आग होटल की ऊपर वाली मंजिल में लगी। आग लगने के बाद कसोल में अफरा तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई है।
विज्ञापन
होटल में लगी आग - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मणिकर्ण घाटी के पर्यटन स्थल कसोल में एक होटल में दिवाली की रात आग की घटना पेश आई। होटल की तीसरी मंजिल में अचानक आग लगने से 50 लाख से अधिक की संपत्ति जलकर राख हुई है। हालांकि होटल के चार कमरों में रुके आठ पर्यटक सुरक्षित हैं। देर रात आग लगने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। होटल में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

विज्ञापन


मिली जानकारी के अनुसार 20 अक्तूबर को शाम करीब 8:00 बजे कसोल में दिवाली का जश्न चल रहा था। इस बीच अचानक होटल की तीसरी मंजिल में अचानक चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देखकर होटल के कर्मचारी बाहर की दौड़े। होटल में चार कमरों में पर्यटक रुके थे, लेकिन पर्यटक कसोल बाजार में घूमने निकले थे। अन्यथा पर्यटक भी आग की चपेट में आ सकते थे। आग लपटें उठते देख दमकल की टीम सूचित किया गया। सूचना मिलने के बाद दमकल चौकी से दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग में होटल का फेमिली स्वीट रूम, दो हॉल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि इस बीच यहां पर अफरा-तफरी मची रही। अग्निशमन विभाग के फायर ऑफिसर प्रेम भारद्वाज ने कहा कि दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब पांच करोड़ की संपत्ति बचाई है। उन्होंने कहा कि घटना में 50 लाख रूपये से अधिक का नुकसान हुआ है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने कहा कि आग की घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है।

शिमला के बनूटी क्षेत्र में जली दुकानें
दिवाली की रात को बनूटी शिमला ग्रामीण में तीन दुकानें जलकर राख हो गई। घटना में करीब बीस लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। सुबह करीब साढ़े तीन बजे की इस घटना की सूचना मिलने पर बालूगंज अग्निशमन केंद्र के तीन वाहन और करीब 15 सदस्यीय बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर आग को शांत किया। अग्निशमन अधिकारी गोपाल ने बताया कि जिस भवन  में आग लगी वह मोती लाल का बताया जा रहा है।



सलौणी में इलेक्ट्रिकल की दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
सोमवार रात को सलौणी में इलेक्ट्रिकल दुकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। शॉट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। पड़ोसियों ने धुआं निकलते देख कर दुकान मालिक को सूचित किया। करेर पंचायत अरूण शारदा की दुकान थी। इसके अलावा साथ लगते कपड़े की दुकान और ज्वलेर की दुकान को भी आंशिक नुकसान हुआ है।





 

नगर परिषद के कचरा प्रबंधन संयंत्र में लगी आग
रामपुर में दिवाली के दिन खोपड़ी गोशाला के पास स्थित नगर परिषद के कचरा प्रबंधन संयंत्र में भीषण आग लग गई। इससे लाखों रुपए की मशीनें और अन्य सामग्री जलकर राख हो गईं। आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुआं फैल गया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। घटना में करीब 85 लाख के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। 


 
विज्ञापन

कथोण में स्लेटपोश मकान में भड़की आग, लाखों का सामान राख
तहसील लडभड़ोल के कथोण गांव में सोमवार देर रात एक दो मंजिला स्लेटपोश मकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। हादसे के वक्त मकान में एक बुजुर्ग महिला अकेली सो रही थीं। जिन्हें ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात 2 बजे की है। शिवी देवी पत्नी जगदीश शर्मा अपने दो मंजिला स्लेटपोश मकान में अकेली सो रही थीं। तभी अचानक मकान की ऊपरी मंजिल से आग की लपटें उठने लगीं। आग देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फौरन बुजुर्ग महिला को सुरक्षित घर से बाहर निकाला।



ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और साथ ही दमकल विभाग बैजनाथ को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग बैजनाथ के प्रभारी विजय सगवाल के नेतृत्व में एक टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया,लेकिन तब तक ऊपरी मंजिल पर रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। आगजनी में बुजुर्ग महिला को लाखों के नुकसान का अनुमान है। दमकल प्रभारी विजय सगवाल ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय हल्का पटवारी ने मौके का जायजा लिया और नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। लडभड़ोल के तहसीलदार मुकुल शर्मा ने बताया कि प्रशासन द्वारा अधिकारियों को मौके का दौरा करने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित बुजुर्ग महिला को नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें