हिमाचल के बिलासपुर जिले में तलाई सहकारी सभा में 33 करोड़ से ज्यादा के गबन मामले में कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। तलाई थाना में यह एफआईआर सभा के सचिव, सह सचिव और तत्कालीन प्रधान पर दर्ज की गई है। मार्च 2019 में ऑडिट के दौरान करोड़ों की गड़बड़ी का पता चला था। उसके बाद दर्जन भर लोगों पर केस दर्ज किया गया था। कई आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था। अब कुछ लोग जेल में हैं जबकि कुछ जमानत पर चल रहे हैं। ताजा मामले में तत्कालीन सभा सदस्य महेंद्र सिंह ने विभाग के पास शिकायत की थी। लेकिन कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। महेंद्र सिंह ने मामला कोर्ट तक पहुंचाया, जिसके बाद सभा सचिव राजेश कुमार, सह सचिव ओंकार चंद व तत्कालीन सभा के प्रधान देवराज के खिलाफ धारा 420, 406, 468, 471 व 120 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि सभा सचिव व सह सचिव ने सहकारी सभा दाभला से गलत तरीके से 5 करोड़ रुपये की राशि ले ली थी।