फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम दफ्तर पहुंचा कंडक्टर की बदतमीजी का ऑडियो, डीएम को धमकाने पर केस दर्ज

Thu, 14 Jun 2018 01:57 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
विज्ञापन
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के नेता शंकर सिंह ठाकुर - फोटो : File Photo
विज्ञापन

हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) में कंडक्टर पद पर तैनात कर्मचारी नेता और मंडलीय प्रबंधक (डीएम) के बीच बातचीत का ऑडियो मुख्यमंत्री कार्यालय पहुंच गया है। ऑफिसर एसोसिएशन के पदाधिकारी इस मामले को लेकर एचआरटीसी प्रबंध निदेशक से भी मिले और उन्होंने कार्रवाई की मांग की।

विज्ञापन


एचआरटीसी कार्यालय की ओर से यह ऑडियो परिवहन निगम प्रधान सचिव को भी भेज दिया गया है। इधर, परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने भी अफसर के साथ की गई बदतमीजी पर हैरानी जताई है। उन्होंने कहा कि कंडक्टर की ऐसी बदतमीजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निश्चित तौर पर इस मामले में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। एचआरटीसी के मुताबिक कर्मचारी नेता कंडक्टर है। वह बसों में सेवाएं देने के बजाय बस अड्डे पर भी कर्मचारियों को प्रताड़ित करता है। गौरतलब है कि ऑडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

विज्ञापन

मजदूर संघ के बढ़ते प्रभाव से घबराए हैं अफसर

शंकर सिंह ठाकुर - फोटो : File Photo
हिमाचल परिवहन मजदूर संघ के नेता शंकर सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में सत्ता परिवर्तन के बाद कुछ अधिकारी परिवहन निगम मजदूर संघ के बढ़ते प्रभाव से घबराए हुए हैं। यह वह अफसर हैं, जिन्होंने पूर्व सरकार में अवैध तरीके से पदोन्नतियां हासिल कीं और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।

अब उन्हें पद जाने का भय सताने लगा है। डीएम चालक वर्दी के लिए कभी नालागढ़ तो कभी ऊना फोन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त अफसर टायर घोटाले में संलिप्त है। अफसर की एक इंक्रीमेंट बंद कराकर मामले को रफा-दफा कराया गया है। 
विज्ञापन

डीएम को धमकाने पर कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज

हिमाचल पथ परिवहन निगम मंडल हमीरपुर के मंडलीय प्रबंधक को धमकाने के आरोप में हमीरपुर पुलिस थाना में कंडक्टर के खिलाफ भादंसं की धारा 506 के तहत केस दर्ज हुआ है। डीएम ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि निगम के शिमला बस डिपो में कार्यरत कंडक्टर कर्मचारी यूनियन का प्रधान भी है, उसने उन्हें फोन पर धमकी दी है।

डीएम की शिकायत पर पुलिस ने कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। यह मामला बीते 30 मई शाम का बताया जा रहा है। एचआरटीसी के फ्लाइंग स्कवायड ने ऊना में नाका लगाया था। इस दौरान एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की बस हमीरपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी।

जांच में पाया गया कि हमीरपुर डिपो के बस चालक ने वर्दी नहीं पहनी हुई है। इस पर चालक से जवाब तलब किया गया और मामले की सूचना कर्मचारी यूनियन के प्रधान के पास पहुंच गई। इसके बाद यूनियन के प्रधान ने मंडलीय प्रबंधक को फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और धमकाया।

इस मामले की ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। मंगलवार देर शाम हमीरपुर पुलिस ने डीएम की शिकायत पर आरोपी कंडक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा का कहना है कि पुलिस ने केस दर्ज किया है। शीघ्र ही आरोपी बस कंडक्टर से पूछताछ होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें