हिमाचल के दुर्गम जिला सिरमौर के राजीव राजा को मुंबई में फेवरेट यू-ट्यूब सेंसेशन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रीय ग्लोबल बिजनेस अवॉर्ड-2019 समारोह में माधुरी दीक्षित ने राजीव राजा को सम्मानित किया। राजीव राजा के परदेशी एंथम और फ्रेंड्स एंथम को 600 मिलियन से ज्यादा लोगों ने देखा है।
राजीव पहले ऐसे गायक हैं, जिनके यू-ट्यूब पर पांच गाने हैं और सब्सक्राइबर 13,60,000 हैं। बिजनेस अवॉर्ड समारोह हर साल आयोजित किया जाता है। इसमें लगभग 100 से ज्यादा सेलिब्रिटी और बिजनेस आइकॉन को सम्मानित किया जाता है। मुंबई में हुए सम्मान समारोह में टीवी स्टार दृष्टि धामी, रोहित बोस रॉय, नकुल मेहता, आरुषि दत्ता, महक चहल और शेरा (टाइगर सिक्योरिटी) आदि नामी हस्तियों को अवार्ड दिए गए।
राजीव राजा देश सहित दुबई, थाईलैंड, नेपाल सहित अन्य देशों में करीब 400 शो कर चुके हैं। यू-ट्यूब ने राजीव को गोल्डन प्ले बटन भी दिया है। वे एआर रहमान की डिजिटल कंपनी क्विक की टीम के साथ भी काम करते हैं।