हिमपालमा मटर की 820 क्विंटल आई है मांग संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। जिले में किसानों को आलू और गेहूं सहित अन्य रबी फसलों के बीज जल्द ही सरकारी मूल्यों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। कृषि विभाग शिमला ने रबी फसलों के बीजों की मांग निदेशालय को भेज दी है। कृषि विभाग को जैसे ही बीज उपलब्ध होंगे इन्हें किसानों को मुहैया करवा दिया जाएगा।
इस वर्ष विभाग किसानों को 1,230 क्विंटल आलू का कुफरी ज्योति किस्म का बीज उपलब्ध करवाएगा। इसके अलावा गेहूं के 190 क्विंटल डीबीडब्लू-187 किस्म के बीज की मांग भेजी है। 500 क्विंटल एचडी-3086 बीज पहले से विभाग के पास मौजूद है। इसके अलावा हिमपालमा मटर 820 क्विंटल, पीबी-89 मटर 55 क्विंटल और लहसुन की 12 क्विंटल बीज की मांग निदेशालय को भेजी है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी कुछ ब्लॉक से मांग ज्यादा बढ़ सकती है जिसके बाद निदेशालय को दोबारा बीजों की मांग भेजी जाएगी। रबी सीजन में फसलों की बिजाई अक्तूबर से दिसंबर के महीनों में की जाती है। इनकी कटाई अप्रैल से जून तक हो जाती है। रबी सीजन में गेहूं, जौ, चना, दाल, मटर सहित अन्य फसलें शामिल हैं। राजधानी शिमला में आलू और मटर के बीजों की ज्यादा मांग रहती है। जिले के हर एक ब्लॉक में इसकी बिजाई की जाती है। लहसुन की बिजाई ज्यादातर चौपाल और कुपवी के क्षेत्रों में होती है। गेहूं की बिजाई कुछ चुनिंदा ब्लॉकों में होती है।