31 जुलाई को केंद्र सरकार से सचिव पशुपालन एवं मतस्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हिमाचल कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी तरुण श्रीधर के सम्मान में हिमाचल प्रदेश आवासीय आयुक्त कार्यालय द्वारा शनिवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
प्रधान आवासीय आयुक्त संजय कुंडू ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के सदस्य नगीन नंदा, केंद्र सरकार में सचिव संजीव गुप्ता, वित्त आयोग के सचिव अरविंद मेहता तथा अन्य उच्चाधिकारी भी उपस्थित थे।
बता दें तरुण श्रीधर ने अपने कार्यकाल में हिमाचल सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया और वह विभिन्न जिलों के उपायुक्त भी रहे। प्रदेश सरकार में वह विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर भी कार्यरत रहे।