अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में 2 अक्तूबर को खेले जाने वाले पहले इंटरनेशनल टी-20 क्रिकेट मैच की टिकटों में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आ सकता है। हजारों दर्शक फर्जी टिकटों का शिकार हो सकते हैं। करीब तीन सप्ताह पूर्व एचपीसीए की ओर से धर्मशाला थाने में एफआईआर दर्ज करवाने के बावजूद यूके की कथित वेबसाइट www.tickets4pk.com पर धड़ल्ले से दक्षिण अफ्रीका और भारत के बीच खेले जाने वाले 2 अक्तूबर के क्रिकेट मैच की फर्जी टिकटें बेची जा रही हैं।
एफआईआर दर्ज होने के तीन सप्ताह बाद भी इस वेबसाइट के फर्जीवाड़े पर कोई लगाम नहीं लगी है। पुलिस भी लंबी कानूनी प्रक्रिया का हवाला देकर पल्ला झाड़ रही है, लेकिन उन दर्शकों का क्या होगा जो इस क्रिकेट मैच की टिकटें ऑनलाइन खरीद चुके होंगे।
टिकटें खरीदने वाले का मांगा जा रहा हर ब्योरा
उन्हें तो फर्जीवाड़े का पता धर्मशाला आकर स्टेडियम के गेट पर ही लगेगा। जब उन्हें अंदर एंट्री नहीं मिलेगी। ‘अमर उजाला’ ने पड़ताल के दौरान जब मंगलवार को यूके की कथित www.tickets4pk.com वेबसाइट पर क्लिक किया तो ऑनलाइन टिकटें फर्जी तरीके से बेची जा रही थीं।
वेबसाइट पर टिकटें खरीदने वाले का हर ब्योरा मांगा जा रहा है, जिससे दर्शक को कोई संदेह न हो। वेबसाइट खोलते ही सीरीज ऑप्शन में क्लिक करते ही टिकट खरीदने के लिए क्रिकेट मैचों का शेड्यूल आ रहा है। इसमें पांचवां ऑप्शन दो अक्तूबर के मैच का आ रहा है। इसमें बुक आइकन पर क्लिक करते ही दर्शक डेबिट या क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन टिकट खरीद सकते हैं।
'फर्जी वेबसाइट से टिकटें न खरीदें'
इसमें एक टिकट का न्यूनतम रेट 1500 और अधिकतर 25 हजार रुपये है। इस वेबसाइट के कांटेक्ट ऑप्शन पर जब क्लिक किया तो पता चला कि ये वेबसाइट यूके की है, जबकि, पाकिस्तान, यूएई और यूके में इसके तीन दफ्तर हैं। वेबसाइट पर अधिकतर मैचों की लिस्ट पाकिस्तान की है।
एसपी कांगड़ा अभिषेक दुल्लर ने कहा कि पुलिस के पास अभी तक फर्जी टिकट बेचने की शिकायत नहीं आई है। वेबसाइट पर रोक लगाने के लिए कानूनी प्रक्रिया काफी लंबी होती है। दर्शकों को खुद सचेत रहना होगा। फर्जी वेबसाइट से लोग क्रिकेट मैच की टिकटें न खरीदें।