गिफ्ट कार्ड का दिया जा रहा झांसा, पुलिस को दे दी है इसकी शिकायत : महापौर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर में नगर निगम के पार्षदों को महापौर सत्या कौंडल के नाम से फर्जी व्हाट्सएप मैसेज भेजे जा रहे हैं। इसमें महापौर की फोटो लगाए अज्ञात नंबर से पार्षदों को एक ऑनलाइन शॉपिंग कंपनी के गिफ्ट कार्ड के बारे में पूछा जा रहा है।
मंगलवार को उपमहापौर शैलेंद्र चौहान, पार्षद सिमी नंदा, विवेक शर्मा, सुनील धर समेत महापौर के निजी सचिव तक को यह व्हाट्सएप मैसेज मिले। अचानक महापौर की फोटो लगे मोबाइल नंबर से पार्षदों से चैट की गई और गिफ्ट कार्ड के बारे में पूछा जाने लगा। पार्षद सिमी नंदा ने इस बारे में महापौर को सूचना दी। साथ ही बालूगंज पुलिस थाने में भी इसकी शिकायत दी।
पार्षद विवेक शर्मा ने भी मेयर को इसकी जानकारी दी। बाद में मेयर ने इस पर नगर निगम के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों में स्पष्टीकरण जारी किया। कहा कि कोई शरारती तत्व उनका नाम लेकर फर्जी नंबर से यह मैसेज भेज रहा है। इन पर ध्यान न दें। महापौर का कहना है कि जिस नंबर से यह मैसेज भेजे गए हैं, उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दे दी गई है।