हिमाचल प्रदेश के भूतपूर्व सैनिक परिवारों के आश्रितों को रोजगार देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत जेबीटी शिक्षकों की बैचवाइज भर्ती सोलन में 21 जुलाई से होगी। इसमें प्रदेश भर से प्रतिभागी ले सकते हैं। 21, 22 और 23 को शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक कार्यालय में प्रतिभागियों की काउंसलिंग होगी। सोलन में 19 जेबीटी शिक्षकों की भर्ती होगी। कांगड़ा, चंबा, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के लिए 21 जुलाई, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना और किन्नौर के लिए 22 जुलाई और 23 जुलाई को जिला सोलन, मंडी, शिमला, सिरमौर और सभी जिलों के छुटे हुए उम्मीदवारों की काउंसलिंग होगी। अनारक्षित वर्ग में 31 दिसंबर 2018 तक, अनुसूचित जाति वर्ग के 31 दिसंबर 2020 तक, अनुसूचित जनजाति वर्ग के 31 दिसंबर 2019 तक और अन्य पिछड़ा वर्ग में 31 दिसंबर 2018 तक बैच के उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। उप जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा जिला सोलन राज कुमार पराशर ने बताया कि अनारक्षित वर्ग के 12, अनुसूचित जाति वर्ग के 01, अनुसूचित जनजाति वर्ग के तीन और अन्य पिछड़ा वर्ग के तीन पद भरे जाएंगे।