फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: आजादी के 78 साल बाद भी जुग्गर गांव में नहीं पहुंचा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
खास
विज्ञापन


स्कूल में लगे एक नलके से लोग पानी ढोने को मजबूर, जुन्गा के जुग्गर गांव के लिए नहीं बिछी पाइपलाइन
जुग्गर गांव में हैं 22 परिवार, लोग झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। सरकार के हर घर नल-हर नल में जल के दावों की शिमला जिले में ही पोल खुल गई है। शिमला से सटे जुन्गा क्षेत्र की सतलाई पंचायत के जुग्गर गांव में आजादी के 78 साल बाद भी लोगों को पीने लायक पानी नहीं मिला है।
हर घर नलके लगना तो दूर यहां पेयजल लाइन तक नहीं है। जुग्गर गांव पंचायतीराज मंत्री एवं कसुम्पटी के विधायक अनिरुद्ध सिंह के विधानसभा क्षेत्र में आता है। गांव के 22 परिवार साथ लगते सरकारी स्कूल में लगे नलके से पीने के लिए पानी भरते हैं। सुबह से शाम तक बुजुर्ग, महिलाएं अपने और मवेशियों के लिए पानी ढोते रहते हैं। स्कूल से घर पहुंचते ही बच्चे भी बाल्टियां, डिब्बे लेकर पानी ढोने में लग जाते हैं। इस गांव की आबादी 135 के करीब है। कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले इस गांव की सरकार सुध नहीं ले रही। गांव के लोग बताते हैं कि जलशक्ति विभाग ने यहां के लिए एक भी पेयजल योजना नहीं बनाई है।
विज्ञापन


गांव से करीब 150 मीटर दूर बने जुग्गर स्कूल के लिए ही यहां पेयजल सुविधा दी है। इस स्कूल से पीने के लिए पानी भरकर लोग 150 मीटर की चढ़ाई चढ़कर गांव पहुंचते हैं। ऐसा नहीं है कि इस गांव तक पानी नहीं पहुंच सकता। आसपास के चश्मों और नालों से यहां के लिए पानी लिफ्ट हो सकता है लेकिन जलशक्ति विभाग के अधिकारी इस काम में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे। मजबूरन गांव के लोग पेयजल संकट से बेहाल हैं।




उम्र बीत गई पर नहीं आया पानी
जुग्गर गांव के 90 वर्षीय बुद्धि सिंह ठाकुर और 75 वर्षीय ख्याली राम बताते हैं कि उनकी सारी उम्र पानी ढोने में ही बीत गई है। अब तो कंधों में भी दर्द हो गई है। बच्चों से लेकर महिलाओं तक को पीने लायक पानी के लिए स्कूल आना पड़ता है। गांव के तिलक राम ठाकुर, संदीप कुमार, सुशील कुमार, मुन्नी देवी, रूकमणी देवी, साधो देवी ने बताया कि स्कूल की पाइपलाइन में छोटी मोटर लगाकर गांव के लिए पानी लिफ्ट किया जा सकता है। गांव में स्टोरेज टैंक बनाकर इस पानी से हर घर को पेयजल सुविधा भी मिल सकती है लेकिन कोई यह करने को तैयार नहीं। कई बार मांग रखने पर भी अधिकारी गांव में नहीं आए हैं।
विज्ञापन




पाइपलाइन बिछी पर नहीं आया पानी
लोगों के अनुसार आठ साल पहले साथ लगती पंचायत सतोग से इस गांव के लिए पाइपलाइन बिछाई थी लेकिन इसमें कभी पानी नहीं आया। अब यह पाइपलाइन भी टूट गई है। क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता कोटी सुनील भिक्टा ने कहा कि उनके पास वर्तमान में सात सेक्शन का जिम्मा है। इस कारण वह इसका निरीक्षण नहीं कर पा रहे हैं। जुग्गर के समीप कूफ्टू के लिए नई पेयजल योजना तैयार की जा रही है। इस योजना से आगामी दिनों में जुग्गर को पानी दिया जाएगा। सहायक अभियंता अरुण जैन ने बताया कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है, उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें