हिमाचल प्रदेश की राजधानी के लक्कड़ बाजार स्थित आइस स्केटिंग रिंक में शनिवार को स्केटिंग का चाैथे दिन भी जोश से भरा रहा। सुबह 8:00 से 10:00 बजे तक स्केटिंग का आयोजन किया गया। अब तक आयोजित चार सत्रों में करीब 100 से अधिक स्केटिंग प्रेमियों ने हिस्सा लिया। इनमें क्लब के सदस्य और एकल सत्रों के लिए आए दोनों स्केटर शामिल थे। सर्द सुबह में स्केटर्स को बर्फ पर कला दिखाने का भरपूर मौका मिला। संगीत की धुनों पर स्केटिंग का यह अनुभव यादगार रहा। हालांकि तापमान में वृद्धि और बर्फ की पतली परत के चलते शाम के सत्र अभी शुरू नहीं हो पाए हैं। शिमला आइस स्केटिंग क्लब के आयोजन सचिव रजत मल्होत्रा ने बताया कि बर्फ को ठोस और सुरक्षित बनाने के लिए अधिक ठंड की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में जैसे-जैसे सर्दियां तेज होंगी, शाम के सत्र भी आयोजित किए जा सकेंगे।